ज्ञानपुर। धान खरीद सीजन खत्म होने के बाद अब प्रशासन गेहूं खरीद की तैयारी में जुट गया है। खरीद की नीति जारी होने के साथ ही 13 केंद्र प्रस्तावित कर दिए गए हैं। किसानों को समर्थन मूल्य 1840 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान होगा। इसके अलावा 20 रुपये साफ-सफाई के लिए मिलेंगे। एक अप्रैल से 15 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी।
किसानों से हर साल सरकार धान और गेहूं खरीदती है। रबी सीजन में गेहूं और खरीफ सीजन में धान की खरीद की जाती है। करीब तीन महीने तक जिले में धान की खरीद हुई। 28 फरवरी को खरीद का सीजन खत्म होने के बाद अब एक अप्रैल से 15 जून तक होने वाली गेहूं की खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। शासन से पत्र आने के बाद विभागीय अधिकारी केंद्र निर्धारण से लेकर अन्य कार्यों को पूर्ण करने में जुट गए हैं। खाद्य एवं विपणन विभाग की ओर से अब तक 13 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इसमें पांच विपणन और आठ पीसीएफ के शामिल है। खरीद का श्रीगणेश होने और लक्ष्य तय होने पर केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। किसानों को प्रति क्विंटल 1840 रुपये मिलेंगे। साफ-सफाई के लिए किसानों को अलग से 20 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाएगा। 2018 में समर्थन मूल्य 1745 रुपये था, जबकि सफाई के लिए 10 रुपये अतिरिक्त दिए जा रहे थे।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्रा ने कहा कि धान खरीद की तरह ही किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान किया जाएगा। सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक केंद्रों पर खरीद होगी। बता दें कि जिले में 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती की गई है। मौसम बेहतर होने से पैदावार ठीक-ठाक होने की उम्मीद जताई जा रही है।