सुरियावां। तेजधर ब्रम्ह बाबा खेल समिति की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट महाकुंभ का शनिवार को मेढ़ी मैदान पर आगाज हो गया। उद्घाटन मैच में गाजियाबाद ने मिर्जापुर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
उद्घाटन मुख्य अतिथि इंजीनियर राकेश श्रीवास्तव और अधिकारी आशाराम यादव ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन मैच गाजियाबाद और मिर्जापुर के बीच खेला गया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मिर्जापुर ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 135 रन बनाए गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने 18 वें ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रविवार को ज्ञानपुर बनाम बादशाहपुर और सोनभद्र बनाम कौशांबी के बीच मैच खेला जाएगा। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए अतिथि ने कहा कि अनुशासित खिलाड़ी ही आगे चल कर एक महान खिलाड़ी बनता है। लोकगीत गायक कलाकार अमित जंगी ने मनोहारी गीत की प्रस्तुति दी। मौके पर नंदलाल गुप्ता, अभयराज सिंह, अनिल श्रीवास्तव, अमर सिंह, राजकुमार सरोज, वसीम अंसारी, लियाकत अली, मनीष सिंह, राहुल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय श्रीवास्तव और संचालन विजय शंकर राय ने किया।