ट्रैफिक अनियंत्रित, जाम में जुझता रहा वनवे
बाबूसराय/महराजगंज (भदोही)।
पड़ोस के जनपद कछवां चौराहे पर वाहनों के बेतरतीब आवागमन के चलते रविवार को जीटी रोड दक्षिणी लेन आठ घंटे तक जाम में सिसकता रहा। वनवे होने के चलते जाम की समस्या से उसमें फंसे लोगों की परेशानी और बढ़ गई थी। छोटे से लेकर बड़े वाहनों को एक-एक, दो-दो किमी का सफर पूरा करने में आधे-आधे घंटे समय लगता रहा। कछवां चौराहा पर वाहनों की अव्यवस्था के चलते जिले की भी पूरी ट्रैफिक व्यवस्था अनियंत्रित ही नजर आई।
मालूम हो कि सावन माह चलने से जीटी रोड का एक लेन कांवरियों के लिए सुरक्षित किया गया है। दक्षिणी लेन पर वाहनों का आना-जाना हो रहा है। जीटी रोड वनवे होने से दक्षिणी लेन पर आवागमन करना खतरे से खाली नहीं रह गया है। ऐसे में बड़े वाहनों के अपने लेन पर चलने के दौरान छोटे वाहन जल्दबाजी में निकलने के लिए विपरीत रूट से चले आते हैं। ऐसे में जाम लगना स्वाभाविक है। जिले की पुलिस के मुकाबले वाराणसी में ट्रैफिक नियंत्रण दुरुस्त नहीं रहती। इससे कछवां में अक्सर जाम की नौबत आती है, उसका असर जिले की भी ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ता है। रविवार को सुबह सात बजे से जहां महराजगंज, बाबूसरायं, घोसिया से गोपीगंज तक जाम रहा। इसके बाद जंगीगंज, चकपरौना से लेकर ऊंज तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। खास बात कि रविवार को भीषण गर्मी और उमस के चलते जाम में फंसे लोगों के लिए आगे बढ़ना ही मुश्किल हो रहा था। फंसे लोग पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था को ही कोस रहे थे। इसकी जानकारी होते ही सीओ ट्रैफिक श्यामशंकर पांडेय ने अपने मातहतों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया लेकिन कछवां की समस्या से निदान भी देर से हुआ।