ज्ञानपुर (भदोही)। गड़ौरा गांव में स्वाइन फ्लू से प्रधान पति की मौत के बाद तीसरे दिन स्वास्थ्य टीम ने डेरा डाल दिया है। स्वास्थ्य महकमे की मलेरिया सेल की टीम पहुंचकर आसपास मच्छरों और गंदगी वाले स्थानों का निरीक्षण किया। साथ ही ऐसे स्थानों पर एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव किया, जिससे मलेरिया, डेंगू जैसे बीमारियों से भी रोकथाम पहले से हो सके। इसके अलावा, एंटी लार्वा स्प्रे छिड़काव से भी संक्रमित बीमारियों पर रोक लगेगी।
स्वास्थ्य विभाग से जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य टीम ने गांव के लोगों से भी बातचीत कर बचाव आदि के बारे में सलाह दिया। इसके अलावा, मृतक प्रधानपति के पास-पड़ोस और करीब रहने वालों की भी जांच की। मृतक प्रधानपति की स्वाइन फ्लू से मौत की अधिकारिक सूचना केजीएमयू लखनऊ से अब तक जिले के स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया है लेकिन समाचार पत्र के जरिए जानकारी होते ही स्वास्थ्य महकमे ने गांव पहुंचकर जरूरी जांच आदि किया। जलजमाव वाले स्थलों, नालों, गड्ढों में दवा छिड़काव किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव मरीजों की सूचना अस्पतालों को संबंधित जिले के सीएमओ को देनी होती है लेकिन हरिटेज, सहारा और केजीएमयू तक किसी ने सूचना नहीं दी। गांव में मलेरिया सेल ने पहुंचकर मच्छरों के लार्वा नष्ट करने के लिए एंटी लार्वा स्प्रे कई जगह छिड़काव कराया गया। बताया कि इस समय बीएचयू और केजीएमयू लखनऊ में ही स्वाइन फ्लू जांच सुविधा है। जबकि इसके वायरस की कैटेगरी जांच के लिए पूना भेजी जाती है। इसके बाद उसके कीटाणुओं को चिह्नित किया जाता है।