ज्ञानपुर। प्रेम के इजहार का दिन वैलेंटाइंस डे बृहस्पतिवार को जिले में चोरी-छिपे मनाया गया। जोड़ों ने जहां अपने-अपने वैलेंटाइन से मोहब्बत का इजहार किया, वहीं तमाम प्रेमी-प्रेमिकाओं ने छिप-छिप कर प्यार की पींगें बढ़ाईं।
वैलेंटाइंस डे के मौके पर पर्यटन स्थली सीतामढ़ी में कई प्रेमी युगल पहुंचे। तमाम दंपतियों ने इस खास दिन का लुत्फ उठाने के लिए रमणीय स्थल पर जाकर भ्रमण किया। इस दौरान गंगा घाटों से लेकर सीता समाहित स्थल और अन्य आश्रमों का लोगों ने भ्रमण करने के बाद गंगा में नौका विहार किया। जोड़ों ने अपने-अपने वैलेंटाइन को गुलाब का फूल देकर इजहार-ए-मोहब्बत किया। ज्ञान सरोवर की सीढ़ियों से लेकर पार्कों तक कई युवक युवतियां इस खास दिन को सेलिब्रेट करते दिखे।
-
वैलेंटाइंस डे पर खूब बिके गुलाब
ज्ञानपुर। वैलेनटाइंस डे पर गुलाब की पंखुड़ियों का बाजार गर्म रहा। गुलाब के फूलों की जमकर खरीदारी हुई। बुधवार को प्यार का इजहार करने वाले फूलों की दुकानों पर पहुंचकर फूलों की खरीदारी करने में मशगूल रहे। तो वहीं फूल दुकानदार मौके की नजाकत को भांप चौगुने दाम वसूल कर अन्य दिनों की भरपाई करते रहे। ऐसी दुकानों से सटकर सजी फल की दुकानों पर सियापा दिखा।