ज्ञानपुर। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कई साल से गैरहाजिर 10 शिक्षकों की सेवा समाप्त की जाएगी। साथ ही स्कूल आकर चले जाने वाले शिक्षकों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। बुधवार शाम को एनआईसी कक्ष में वीडियो कांफ्रेसिंग में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा डॉ. प्रभात कुमार के निदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी हकरत में आ गए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से ऐसे शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अपर मुख्य सचिव डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि स्कूलों में कई साल से नहीं आने वाले शिक्षकों और शिक्षामित्रों की सूची बनाकर उनकी सेवा समाप्त की जाए। साथ ही स्कूलों में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए भी कहा। उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने, न्यू पेंशन स्कीम लागू करने, आगामी शैक्षिक सत्र में 15 फीसदी नामांकन बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि न्यू पेंशन स्कीम के तहत जिन शिक्षकों का प्रान नंबर एलाट नहीं होगा उनका वेतन नहीं दिया जाएगा। स्कूलों में हर महीने अभिभावकों संग बैठक कराने के लिए भी कहा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि विभाग की सूची में अब तक 10 शिक्षक ऐसे हैं जो कई साल से नहीं आ रहे हैं। उनकी सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यह संख्या और भी बढ़ सकती है। खंड शिक्षा अधिकारियों से तीन दिन में एक साल से लेकर सात साल तक लापता चल रहे ऐसे शिक्षकों सूची देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पढ़ाने के बजाए मनमानी करने वाले शिक्षकों पर भी कार्रवाई होगी।