भदोही। लोकमान्य तिलक से गोरखपुर को जाने वाली 15017 दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस रविवार को साढ़े सात घंटे देरी से भदोही स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधिकारियों के अनुसार ट्रेन थाना और जलगांव स्टेशनों के बीच परिवर्तित मार्ग से चलाए जाने से विलंब से चल रही है। उधर भदोही-जंघई रेलखंड पर दूसरी कई अन्य ट्रेनें भी ढाई घंटे देरी से चलने से रेलयात्रियों को भारी परेशानी हुई।
15017 ट्रेन से गोरखपुर की ओर जाने वाले कई रेलयात्री सुबह 11 बजे से पहले स्टेशन पर पहुंच गए थे। लेकिन वहां पता चला कि ट्रेन सात घंटे विलंब से चल रही है। रेलयात्रियों ने बताया कि इसकी उन्हें ना तो जानकारी है ना ही इस बारे में कुछ बताया गया। ट्रेन सायं 7 बजे भदोही स्टेशन पहुंची जबकि इसका सही समय सुबह 11 बजे का है। इस ट्रेन के अलावा दूसरी कई ट्रेनें कोहरे और ठंड का शिकार रहीं। 14258 नई दिल्ली - वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से भदोही पहुंची तो 15160 दुर्ग - छपरा एक्सप्रेस तथा 13006 अमृतसर - हावड़ा पंजाब मेल एक्सप्रेस दोनो दो घंटे विलंब से भदोही पहुंचीं। लोकमान्य तिलक से वाराणसी आने वाली 11071 कामायनी एक्सप्रेस भी 1.50 घंटे देरी से आने से स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी हुई। रेलयात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर शेड की कमी से उन पर दोहरी मार पड़ रही है। गर्मी में धूप में, ठंड में शीत में ट्रेनों का इंतजार करना भारी समस्या बन चुकी है।