ज्ञानपुर। राफेल विमान खरीद मामले में लगे आरोपों को लेकर बुधवार को भाजपाजनों ने कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया। कहा कि राहुल के आरोपों को न्यायालय ने बेनकाब कर दिया है। इस दौरान भाजपाजनों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए राहुल गांधी को लोकसेवक पद से मुक्त करने की मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर राफेल विमान खरीद में घोटाले का गंभीर आरोप लगाया था। इसे देश की सुरक्षा के खिलाफ गंभीर मसला बताते हुए कांग्रेस की ओर से न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। याचिका पर सुनवाई के दौरान राफेल विमान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप पाया गया। इस पर न्यायालय ने सभी याचिकाओं को खारिज करते हुए आरोपों को गलत करार देते हुए भाजपा को क्लीन चिट दे दी। इस मामले को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने कहा कि भाजपा को बदनाम करने के लिए कांग्रेस ने साजिश के तहत मनगढ़ंत और बुनियाद आरोप लगाया। इसके खिलाफ बड़ी संख्या में भाजपाजनों ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। पत्रक में पार्टी पर लगाए गए गलत आरोपों पर संज्ञान लेकर झूठे आरोप लगाने वाले राहुल गांधी को लोक सेवक पद से मुक्त करने केे मांग की। इस मौके पर रोहित पांडेय, चंदन पांडेय, संतोष तिवारी, वीरेंद्र शुुुक्ला, छत्रपति सिंह, पूूर्णमासी, राकेश दूबे, संतोष पांडेय, राजेंद्र दूबे, प्रभात श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।