जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तीव्र गति से जारी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 25 अक्टूबर तक केंद्रों का निर्धारण कर लेने का निर्देश दिया है लेकिन निर्धारित तिथि तक केंद्रों का निर्धारण हो पाना मुश्किल दिख रहा है।
जिले में इस बार कुल 59500 परीक्षार्थी होंगे। इसमें हाईस्कूल के 32500 और इंटर के 27000 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षार्थियों की संख्या पिछली परीक्षा से लगभग 3000 अधिक है। इस बार परीक्षा के लिए लगभग 100 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। पिछली परीक्षा में 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित केंद्र निर्धारण समिति करेंगी। पहले केंद्रों का निर्धारण सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के यहां से होना था। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने केंद्र निर्धारण के नियमों और मानकों को निर्धारित कर दिया है। नियमों के अनुसार, विद्यालयों को उनके यहां मौजूद संसाधनों के लिए नंबर दिए जाएंगे। अधिक नंबर पाने वाले विद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में मौजूद संसाधनों के विवरणों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया। इन्हीं विवरणों के आधार पर विद्यालयों को नंबर दिए जाएंगे। जिले में 36 राजकीय, 25 सहायता प्राप्त और 180 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें अधिक नंबर पाने वाले लगभग 100 विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग विद्यालयों के केंद्र बनाने के लिए नंबर देने में तीव्र गति से जुटा हुआ है। इससे शीघ्र परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जा सके।
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तीव्र गति से चल रही है। शीघ्र ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। - श्याम सरोज वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक