विधानसभा चुनाव से पूर्व शातिर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सोमवार को पुलिस ने गौ तस्कर और गैंगस्टर के आरोपी की 19 लाख की संपत्ति को कुर्क कर दिया। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस सक्रिय हो गई है। चुनाव सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए 15 हजार से अधिक लोगों को अब तक पाबंद किया जा चुका है। शराब, मादक पदार्थ और पशु तस्करी के माध्यम से धन अर्जित करने वाले बदमाशों पर पुलिस का डंडा चलने लगा है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की संस्तुति और एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चौरी पुलिस ने सोमवार को गैंगस्टर के आरोपी सुभाष बहादुर सिंह की 10 लाख 79 हजार 265 रुपये की चल-अचल संपत्ति को कुर्क किया। पुलिस के मुताबिक सुभाष गैंग के साथ मिलकर अपने भौतिक, आर्थिक लाभ के लिए अपराध करता रहा है। अर्जित संपत्ति से गृह निर्माण, मरम्मत एवं रंगरोगन का कार्य किया जाता रहा है। इसी तरह गैंगस्टर और गोवंश तस्कर विमलेश कुमार कुशवाहा निवासी नयापुरवा करैली प्रयागराज का कंटेनर जब्त किया गया। जिसकी कीमत आठ लाख 52 हजार है। उसके खिलाफ भदोही और प्रयागराज में अपराध के कई मुकदमे दर्ज हैं।