ज्ञानपुर। कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को कोविड-19 के 19 मरीज सामने आए। इनमें पुलिस लाइन में रहने वाला एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। इसके साथ ही जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1905 हो गई है। हालांकि एक्टिव केस की संख्या 112 है।
शासन-प्रशासन की तमाम गाइडलाइन के बाद भी कोरोना संक्रमण का दायरा तेजी से फैल रहा है। शहर से लेकर गांव में सामुदायिक संक्रमण की स्थिति बन चुकी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की आई रिपोर्ट में 19 संक्रमित मिले। इसमें परगासपुर में युवक, मदनपुर में युवक, गोपीगंज में युवक-युवती, सिंहपुर में युवक, मोढ़ में अधेड़, मलेपुर में अधेड़, अभोली में अधेड़, मऊरामशाला में युवती, कैड़ा में युवक, इटहरा में युवक, सीतामढ़ी में दो महिलाएं, भरतपुर में किशोर और बालिका, बेरासपुर में वृद्ध, बरैला में अधेड़, गेराईं में वृद्ध और पुलिस लाइन में एक पुलिसकर्मी शामिल है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेशन की सुविधा दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक 57 हजार से अधिक संदिग्धों का सैंपल लिया जा चुका है। पाली संवाददाता के अनुसार, शासन के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में कोविड-19 के जांच हो रही है। शुक्रवार को सीएचसी सुरियावां और स्वयंसेवी संस्था माय होम इंडिया की ओर से महजूदा, सुरियावां और मोढ़ में कोरोना की जांच हुई। इसमें मेहंदी कलाकार और महिला ब्यूटी पार्लर , सैलून वालों की जांच हुई। 180 आरटीपीसीआर और 210 एंटीजेन टेस्ट हुआ। इस मौके पर प्रभारी चौकी इंचार्ज मोढ़ रणविजय सिंह, चौकी इंचार्ज पाली गुरु ज्ञान चंद पटेल के साथ सीएससी अधीक्षक डॉ. आरबी पाठक, राधेश्याम चौहान, इंद्र भूषण, सुशील पाठक, विजय, धर्मेंद्र मिश्रा, सुशील मिश्रा, रितेश सिंह आदि रहे।