ज्ञानपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और पूर्वी यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा 10 मई को जिले में रहेंगी। वह दोपहर बाद करीब चार बजे कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में जनसभा करेंगी। प्रियंका की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से बेहतर किया जा रहा है। एसपीजी की टीम ने बृहस्पतिवार को सभास्थल का मुआयना किया।
भदोही सीट पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है। 10 मई को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रधानमंत्री मोदी समेत कई मंत्री सभा, नुक्कड़ सभा कर चुके हैं, जबकि गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती ने सभा की। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में 10 मई को दोपहर तीन बजे प्रियंका गांधी जिले में आएंगी। वह विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करेंगी। बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पदाधिकारी पंडाल को बनवाने में जुटे रहे। प्रांतीय एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी दिन भर पंडाल एवं हैलीपैड स्थल को बनवाने में जुटे रहे। प्रियंका के आने से पूर्व एसपीजी टीम जिले में पहुंच चुकी है। सभास्थल का मुआयना करने के बाद टीम जिले में रुक गई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि प्रियंका गांधी की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। एसपीजी के अलावा एलआईयू, पैरामिलिट्री फोर्स और सिविल पुलिस तैनात रहेगी।