ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं के शत प्रतिशत मतदान को लेकर प्रशासन गंभीर है। इसलिए दिव्यांगों को बूथों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। हालांकि इसकी संख्या कम होने से कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। 12 मई को जिले की तीनों तहसीलों में चार डीसीएम वाहन दिव्यांगों को लेकर जाने के लिए लगेंगे। इसके अलावा बूथों पर मतदान कराने के लिए बीएलओ उनकी सहायता करेंगे।
छठवें चरण में 12 मई को जिले में मतदान होना है। भदोही संसदीय सीट की पांच विधानसभाओं में तीन जिले की है। ज्ञानपुर, औराई और भदोही विधानसभा के कुल 11 लाख 53 हजार मतदाताओं में करीब नौ हजार वोटर दिव्यांग हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासन की ओर से दिव्यांगों का शत प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य है। एक-दो किमी दूर रहने वाले वोटरों को बूथ तक पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए वाहन की भी व्यवस्था की गई है। शहरी और ग्रामीण दिव्यांग मतदाताओं को घर से बूथ तक ले जाने के लिए चार डीसीएम लगाई गई है। मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि अधिकांश दिव्यांगों के पास ट्राईसाइकिल है, जिससे वह बूथ पर पहुंच जाएंगे। जिन क्षेत्रों में बूथ अधिक दूर है वहां वाहन से उन्हें बूथ पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि 700 मतदान केंद्रों में 100 केंद्रो पर दिव्यांगो को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बताते चलें कि कशियाना फाउंडेशन के संस्थापक सुमित सिंह ने दिव्यांग वोटरों को सुविधाएं उपलबध कराने की मांग की थी।