भदोही। महबूबपुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में मंगलवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के अलावा दूसरी गतिविधियों के अव्वल छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। अब्दुल कलाम खां को बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द स्कूल का पुरस्कार दिया गया, जबकि शिब्रा अंसारी और शाफेशाह आलम को स्टूडेंट आफ द इयर का खिताब दिया गया। समारोह में प्रिंसिपल पवन द्विवेदी ने कहा कि हर मां बाप को अपने व्यवसाय से थोड़ा समय निकाल कर उनके शैक्षणिक विकास पर ध्यान देना चाहिए।
प्रिंसिपल ने कहा कि बच्चों की जिम्मेदारी केवल स्कूल पर छोड़ देना ही समझदारी नहीं है। हर मां बाप को विद्यालय प्रबंधन के संपर्क में रहना चाहिए ताकि यदि बच्चा अच्छा कर रहा हो या खराब उन्हें जानकारी मिलती रहे। कहा कि जब किसी बच्चे को सम्मान मिलता है तो दूसरे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जगती है। अगली बार वे बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं। कोई भी बच्चा पुरस्कार ग्रहण करते हुए चाहता है कि माता-पिता दर्शक दीर्घा में बैठे हों लेकिन देखा जा रहा है कि सूचना देने के बाद भी बहुत से अभिभावक उपस्थित नहीं हैं।
अर्ना दूबे और यशस्वी जायसवाल को सबसे अनुशासित छात्र, प्रतिभा यादव, आध्या शर्मा, अर्थ जायसवाल शम्स शाह आलम, हशीर खां को शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए, अब्दुल करीम व अमन त्रिपाठी को मोस्ट चैलेंजिंग स्टूडेंट, रुश्दा जकी, साक्षी यादव, प्रियांशू को मोस्ट प्रोग्रेसिव स्टूडेंट, जीनत खान व मुस्कान जेहरा को मोस्ट एक्टिव स्टूडेंट के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न दिया गया। प्रबंधक चंदन सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इरशाद अंसारी, सुभाष मौर्य, अब्बास अहमद, सत्यदेव मौर्या, डब्बू अंसारी, इमरान मंसूरी, इस्तियाक, नईम अख्तर आदि मौजूद रहे।