ज्ञानपुर। सोनभद्र जिले के बरहमोरी बालू साइट पर बुधवार को हुए विवाद के छीटें कालीन नगरी तक पहुंच गए। बालू खनन को लेकर हुए बवाल से भदोही जिले में सियासी भूचाल मच गया है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक जिले के एक माननीय के बेटे की करतूत की खूब चर्चा है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष, हर कोई घटना की निंदा कर रहा है।
देश के प्रधानमंत्री और सूबे के मुख्यमंत्री सबका साथ, सबका विकास मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं तो पार्टी के माननीय और उनके करीबी सरकार की ही मंशा का बंटाधार करने में जुटे हैं। अभी माह भर पहले एक माननीय के बेटे की करतूत से पार्टी की छीछालेदरी हुई थी। पीएम और सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने में मुकदमा भी दर्ज हो गया। अभी वह मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक अन्य माननीय के बेटे सोनभद्र के लाल बालू की चाहत में आम लोगों से सत्ता की धौंस दिखाने लगे। मामला इतना बढ़ा कि नाराज लोगों ने उसके और करीबियों के कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। उग्र ग्रामीणों के कोपभाजन से बचने के लिए उन्हें दूसरे के घरों में जाकर जान बचानी पड़ी, लेकिन घटना से जिले में भाजपा की किरकिरी हो गई है। सोशल मीडिया पर प्रकरण वायरल होने के बाद सत्ता-विपक्ष संग आम आदमी भी घटना की निंदा करते नहीं थक रहा है। भाजपा के कई नेता तक उक्त प्रकरण को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित कर रहे हैं।