ज्ञानपुर। ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर सशक्त समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न दलों का नागमलपुर में चल रहा बेमियादी धरना मंगलवार को 36वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने दीपावली के दूूसरे दिन से निर्माण कराने का आश्वासन दिया, हालांकि धरना जारी रहा। चेतावनी दी गई कि अगर काम न शुरू हुआ तो आंदोलन तेज करेंगे।
करीब 22 किमी लंबे ज्ञानपुर- दुर्गागंज मार्ग जर्जर हो चुका है। मरम्मत के लिए पिछले 36 दिनों से सशक्त समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैजनाथ यादव समेत अन्य दलों के लोग बेमियादी धरने पर बैठे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व मौके पर पहुंचे पीडब्लूडी के अधिकारी एसपी राव ने कहा कि उक्त सड़क की मरम्मत के लिए 9.95 करोड़ का बजट पास हो चुका है। दीपावली के दूसरे दिन से सड़क का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन धरने पर बैठे विभिन्न पार्टी और संगठन के लोगों ने कहा कि जब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होगा उनका धरना जारी रहेगा। धरने को आधा दर्जन पार्टियों का समर्थन मिला है। जिसमें प्रगतिशील मानव समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, आम आदमी पार्टी आदि शामिल हैं। इस मौके पर शिवनाथ मिश्रा, महेंद्र बिंद, पवन कुमार, शोभनाथ, रघुराज सिंह, श्यामपति बिंद, श्यामलाल, मेवालाल, ज्ञानदास, राकेश दूबे, हरीशंकर आदि रहे।