ज्ञानपुर के पास गेहूँ की फसल बांधते किसान। संवाद
ज्ञानपुर। इस साल अप्रैल महीने के शुरुआती नौ दिनों में आंधी, बारिश ने बीते पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बेजवां स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. विश्वेंदु द्विवेदी ने बताया कि नौ दिनों में अब तक 18 मिलीमिटर बारिश हुई है। जो बीते पांच सालों का रिकॉर्ड तोड़ दी है। साल 2022 में 3.5 मिमी, साल 2024 में 5.2 मिमी बारिश हुई है।
पहाड़ी और मैदानों क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम परिवर्तित हुआ है। इसका असर जिले में मार्च के अंतिम सप्ताह से दिखने को मिल रहा है। एक अप्रैल को सबसे ज्यादा 7 एमएम बारिश हुई है। अप्रैल के पहले आठ दिनों में अच्छी बारिश हुई है। बारिश और हवाओं में नमी होने के कारण तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहा। बेजवां स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ डाॅ. आरपी चौधरी ने बताया कि बारिश से भीगी गेहूं की फसल की गुणवत्ता 50 फीसदी तक खराब होने का अनुमान है। इस बारिश का प्रभाव अगले साल देखने को मिलेगा। इस साल के भीगे हुए गेहूं अगले सीजन में बोआई करने पर अच्छे से अंकुरित नहीं होंगे।
बीते 5 सालों में हुई बारिश
साल - बारिश
2026 - 18
2025 - 00
2024 - 5.2
2023 - 1.2
2022 - 3.5
नोट : आंकड़े मिलीमीटर में है।
अप्रैल में कब-कब हुई बारिश
1 अप्रैल - 7.0 एमएम
3 अप्रैल - 5.1 एमएम
4 अप्रैल - 1.9 एमएम
5 अप्रैल - 1.0 एमएम
8 अप्रैल - 3.3 एमएम