ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को चार स्वास्थ्यकर्मी समेत 175 नए मरीज मिले। इससे संक्रमितों की संख्या 5145 पहुंच गई। हालांकि 101 संक्रमितों ने कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए। नए मरीजों के मिलने से एक्टिव केस की संख्या 1767 हो गई है।
कालीन नगरी को कोरोना तेजी से गिरफ्त में ले रही है। अप्रैल के दूसरे पखवारे में संक्रमितों के मिलने का जो सिलसिला बढ़ा उस पर विराम नहीं लग रहा। हर रोज 150 से 300 के करीब मरीज मिल रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की आई रिपोर्ट में 175 नए मरीज मिले। इसमें औराई, गोपीगंज, भदोही सीएचसी के चार स्वास्थ्यकर्मी, तीन र्बैैंककर्मी संग गोपीगंज नगर से 10, ज्ञानपुर में छह, सुरियावां में आठ, सीतामढ़ी में पांच, औराई तहसील क्षेत्र में 35 मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ंो पर गौर करें तो अब तक 5145 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। जिसमें 51 की मौत हो गई है जबकि 3326 स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को होम आइसोलेशन में रहे 101 संक्रमित स्वस्थ हुए। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। गंभीर रूप से पीड़ितों को एल-2 के अलावा चिह्नित निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।