ज्ञानपुर। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बुधवार को मतदाता एक्सप्रेस (बस) जिले में पहुंच गई। औराई के बाबूसराय इंटर कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर उसे रवाना किया गया। औराई, भदोही, ज्ञानपुर के कई हिस्सों में मतदाता एक्सप्रेस ने भ्रमण किया। इसके बाद जौनपुर के लिए रवाना हो गई।
बाबूसराय इंटर कॉलेज से मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मतदाता एक्सप्रेस को रवाना किया। शत प्रतिशत मतदान के संकल्प के साथ मतदाता एक्सप्रेस ने पूरे जिले में भ्रमण किया। श्रीकाशीराज महाविद्यालय औराई, प्राथमिक विद्यालय लालानगर, प्राथमिक विद्यालय रामापुर में बैंड बाजा के साथ मतदाता एक्सप्रेस का स्वागत किया गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, काशी नरेश महाविद्यालय ज्ञानपुर के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए मतदाताओं को वोट देने के लिए जागरूक किया। सीडीओ ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने इस बात का संकल्प लिया है कि वह वोटर की सुविधा को ध्यान में रखकर इसको त्योहार के रूप में मनाएंगे। मतदान हमारे अधिकार के साथ साथ कर्तव्य भी है। हंसी-खुशी के साथ अपनी स्वेच्छा से बूथ पर जाएं और जो आपको बेतहरीन और अच्छा प्रत्याशी प्रतीत हो, उनके पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना है कि मतदान दिवस को अवकाश का दिन न मनाते हुए एक त्योहार के रूप में मनाया जाए। 12 मई को अपने बूथ पर जाकर मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। मौके पर सुनील कुमार तिवारी, डीआईओएस अशोक चौरसिया, भरत लाल गौड़, डॉ. कमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ. कामिनी वर्मा, मनोज अवस्थी, राजेंद्र दूबे, प्रमोद पांडेय, खुश बहार आदि मौजूद रहे।