भदोही। ज्यों ज्यों मौसम का मिजाज ठंडा हो रहा है ट्रेनों की गति पर भी ब्रेक लगता जा रहा है। नई दिल्ली से भदोही आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को 5 घंटे विलंब से भदोही पहुंची। इसके अलावा आज प्रतापगढ़ से वाराणसी के बीच चलने वाली डाउन सवारी गाड़ी पीपी का परिचालन रद रहा। सोमवार को अन्य कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो दिनों से शीतलहर तेज हो गया है। आधी रात के बाद से कोहरे के आलम से ट्रेनें रेल पटरियों पर रेंगने को मजबूर हैं। इसी के चलते सोमवार को अधिकतर ट्रेनें दो से पांच घंटे विलंब से चलीं। सवारी गाड़ी रद रहने से लोग खासे परेशान हुए।
सुबह वाराणसी जाने के लिए इस ट्रेन से अधिकतर यात्री सफर करते हैं। स्टेशन मास्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रेन क्यों रद की गई इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इस बीच सोमवार को 11107 ग्वालियर-वाराणसी बुंदेलखंड एक्सप्रेस 2 घंटे, 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस 2.10 घंटे, 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस 2.25 घंटे देरी से चलने से सर्द हवाओं के बीच स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करना भारी मुश्किलों वाला रहा। इस बीच गत सप्ताह रद रही नीलांचल एक्सप्रेस का परिचालन सोमवार से शुरू होने से इस ट्रेन के यात्रियों को भारी राहत मिली।