ज्ञानपुर। नगर स्थित सिद्धपीठ बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर समेत नगर में कई स्थानों पर लगीं स्ट्रीट लाइट खराब होने से नाराज नागरिकों ने शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। नाराज नागरिकों ने चेताया कि शीघ्र ही खराब पड़े स्ट्रीट व सोलर लाइट को ठीक नहीं कराया गया तो लोग आंदोलन को बाध्य होंगे। सरकारी रकम में गोलमाल का आरोप लगाते हुए डीएम से जांच कराने की मांग की।
नागरिक शिवम योगी ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय की ओर से हरिहरनाथ मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 32 लाख रुपये मिला है। कार्यदायी संस्था की ओर से कराए जा रहे कार्यो में धांधली की गई। इससे कम समय में ही स्ट्रीट लाइट बुझने लगी है। कहा कि विद्युत आपूर्ति ठप होते ही पूरा मंदिर परिसर अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरा होने से रात्रि पूजन में भक्तों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। हरिहरनाथ मंदिर में लगे सोलर लाइट रात्रि में डेढ़ से दो घंटें में बुझ जाता है। जबकि मंदिर परिसर में दस स्ट्रीट लाइट लगे हैं, जिसमें तीन ही जलता है। प्रकाश व्यवस्था प्रभावित होने से श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में काफी दिक्क्त का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर परिसर में लगने वाले ब्रेंच को ज्ञानसरोवर तट पर लगा दिया गया है। आस्थावानों की परेशानी को देखते हुए खराब स्ट्रीट और सोलर लाइट को तत्काल ठीक कराने की मांग की गई। चेतावनी दी कि अविलंब सुधार न होने पर वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। मौके पर सूरज, राकेश महराज, सुजीत, विजय देववंशी, शुभम, रोशन, रवि आदि उपस्थित थे।