भदोही। खुद्दामे हज समिति जिला इकाई ने केंद्र सरकार से हज यात्रा पर लगे जीएसटी खत्म करने की मांग की है। गुरुवार को जिला ट्रेनर हाजी हाजाद खां के आवास पर हुई बैठक में कहा गया कि हजयात्रा पर प्रति यात्री ढाई से तीन लाख का खर्च आता है। यदि सरकार 18 प्रतिशत जीएसटी माफ करती है तो यात्रियों की 25 हजार तक की बचत हो सकती है।
बैठक में कहा गया हजयात्रा बढ़ते खर्चों के चलते मुश्किल होती जा रही है। यही कारण है कि आवेदक भी घटते जा रहे हैं। बैठक में केंद्रीय हज कमेटी द्वारा हज के लिए आवेदन की तिथि 12 दिसंबर से बढ़ाकर 19 दिसंबर कर दी गई है। इस निर्णय का स्वागत किया गया और कहा गया कि अंतिम तिथि बढ़ा कर 31 दिसंबर की जानी चाहिए। बैठक की अध्यक्षता संरक्षक हाजी शाहिद हुसैन व संचालन मौ.सोहेब आलम नदवी ने किया। अब्दुल कादिर अंसारी, हाजी सौदागर अंसारी, हाजी इमाम बेग, हाजी हबीबुल्लाह अंसारी, हसन अंसारी, हाजी जाहिद अंसारी, हाजी आफताब आलम, नुरुल्लाह अंसारी आदि उपस्थित रहे।