ज्ञानपुर (भदोही)। जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की तैयारी शुरू हो गई है। 15 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा में कुल 13118 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए जिले में 13 केंद्र बनाए जाएंगे।
शिक्षक पात्रता परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग जुट गया है। इस बार की टीईटी प्राथमिक विद्यलय स्तर की परीक्षा में 5524 परीक्षार्थी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्तर की परीक्षा में 7594 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले वर्ष की परीक्षा की अपेक्षा इस वर्ष की परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। पिछली बार परीक्षा के लिए 7 केंद्र बनाए गए थे। संख्या बढ़ने से इस बार 13 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। सभी शिक्षामित्रों के परीक्षा में शामिल होने से संख्या में इजाफा हुआ है। जिला प्रशासन की ओर से प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण जोर-शोर से किया जा रहा है। शीघ्र ही परीक्षा केंद्रों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। पूरे संसाधन वाले विद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक श्यमा सरोज मर्वा ने बताया कि परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही तैयारियां पूरी कर ली जाएगी।