भदोही। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार तहसील प्रशासन अभी भी मतदाता सुची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर पूरा ध्यान दे रही है। प्रशासन चाहता हे कि कोई भी युवा जो 18 वर्ष पूरे कर चुका हो वह लोकसभा चुनाव में अपने पसंद के प्रत्याशी को वोट दे सके। इसको लेकर तहसील में सुबह से लेकर शाम तक गहमा गहमी बनी हुई है। इस क्रम में अलग अलग अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट, मतदाता सूची दुरुस्त करने सहित मतदान केंद्रों के निरीक्षण के कार्य में लगाया गया है।
एसडीएम ने साफ किया कि नए मतदाताओं के पास अभी भी समय है। हम अंतिम समय तक नाम जोड़ने का काम करेंगे। तहसीलदार भगवान दास गुप्ता ने राजस्व कर्मियों और बीएलओ को सूची को अंतिम रूप देने में लगाया है। साथ ही तहसीलदार ने कहा कि समाज कल्याण विभाग से प्राप्त दिव्यांगों की सूची को सत्यापित कराकर नाम सुनिश्चित किया जा रहा है। इस बीच आज मतदान केंद्रों पर भी कर्मचारियों ने निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट एसडीएम को दी। सत्यापन कार्य में अरविंद कुमार यादव, जितेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, श्यामलाल, कमला शंकर यादव, उमाशंकर तिवारी, शिव प्रकाश श्रीवास्तव आदि लगे रहे।