भदोह। प्रयागराज जिले के थाना सरायममरेज स्थित छतौना गांव से गत माह 20 फरवरी को गुम हुआ आठ वर्षीय बालक जसीम बुधवार को अपने परिजनों के बीच पहुंच गया। गुमशुदगी के दो दिन बाद ही बालक को जीआरपी भदोही ने भदोही स्टेशन पर पाकर कोतवाली पुलिस को सुपुर्द किया था, जहां से बाजार सलाबत खां मोहल्ले के शेख आदिल अपने घर ले गए थे। बुधवार को बेटे को सही सलामत पाकर पिता मुन्ना की आंखों से आंसू छलक आए।
लगभग तीन सप्ताह तक गुमशुदा जसीम को अपने घर पालने वाले शेख आदिल ने बताया कि मासूम बेटे को कोतवाली में देखकर उनका दिल भर आया था। वे खुद कोतवाली पुलिस से कह कर उसे अपने घर परिवार में लेकर आए थे। इस दौरान पहले दिन से ही उसके माता पिता की खोज में लग गए थे। भदोही पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मदद से पता लगाया कि बालक प्रयागराज जिले का है। बाकी जानकारी प्रयागराज जाकर ही मिल सकती है। इस पर वे प्रयागराज पुलिस अधीक्षक के पास गए, जहां गुमशुदा की फाइल में बालक की फोटो देख कर उसके पिता और घर का पता लेकर लौटे। बुधवार को जसीम के पिता शेख आदिल के घर पहुंचे और बेटे को पाकर उससे लिपट गए। उनकी आंखों से बह रहे खुशी के आंसू देख कर वहां मौजूद बाकी लोगों की आंखें भर आईं। पिता ने बताया कि घर पर ही खेलते खेलते उनका बेटा गायब हो गया था। काफी दिन हो जाने के बाद वे नाउम्मीद हो चुके थे। इस मौके पर हसीब खां, दानिश सिद्दीकी आदि भी मौजूद थे।