ज्ञानपुर। सरकारी योजनाओं से वंचित अनुसूचित एवं पिछड़ी जाति की महिलाओं ने प्रधानों और सेक्रेटरी पर मिलीभगत कर योजना का लाभ नहीं देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि पात्रता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। अगर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया आंदोलन तेज होगा।
राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के जिलाध्यक्ष जमालुद्दीन के नेतृत्व में जिले की अनुसूचित जाति एवं पिछड़ी जाति की बड़ी संख्या में महिलाएं बुधवार को तहसील पहुंच गईं। प्रदर्शन की शक्ल में लामबंद होकर संबंधितों गांवों के प्रधानों और सेक्रेटरी पर सरकारी योजना का लाभ नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि गरीबों और पिछड़ों के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि जो अपात्र लोग हैं, उन्हें पूरा लाभ दिया जा रहा है। जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए उक्त समस्या के संबंध में कमेटी का गठन कर मामले की जांच कराने की मांग की। कहा कि अगर इस पर जिला प्रशासन की ओर से जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वह उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। इस मौके पर ज्ञानपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों की प्रमिला देवी, पुष्पा देवी, कांती देवी, रेखा देवी, संतरा देवी, खुशबू देवी, निशा देवी, आशा देवी, सितारा, हीरावती, आयशा, उर्मिला, सरोज देवी, विमला आदि समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।