चौरी। सरकारी मोबाइल सेवा भारतीय संचार निगम लिमिटेड के कर्मचारी ही कंपनी का बंटाधार करने में लगे हैं। दूरभाष केंद्र पर लगे टॉवर के जनरेटर को चालू न करने से बिजली कटते ही हजारों मोबाइल शापीस बन जाते हैं। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि जनरेटर के लिए मिलने वाले डीजल को बाजारों में बेच दिया जाता है। आला अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
मोबाइल की निजी कंपनियां एक से बढ़कर एक प्लान से उपभोक्ताओं को लुभा रही हैं। वहीं बीएसएनएल की व्यवस्थाएं तो मिल रही हैं, लेकिन कर्मचारियों की मनमानी से उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पा रही है। परसीपुर दूरभाष केंद्र में लगे बीएसएनएल टॉवर से बिजली के दौरान ही उपभोक्ताओं को नेटवर्क मिल पाता है, बिजली कटते ही मोबाइल नेटवर्क की पहुंच से दूर हो जाता है। आरोप है कि जनरेटर चलाने के लिए विभाग से मिलने वाला डीजल बेंच दिया जाता है। इससे सैकड़ों गांव के हजारों उपभोक्ता हर रोज परेशान होते हैं। उपभोक्ता रमेश सिह, संजय दुबे, फिरोज अली, मनोज सिंह ने विभाग के आला अधिकारियों से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।