ज्ञानपुर। जर्जर पड़े ज्ञानपुर- दुर्गागंज मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर आयोजित सशक्त समाजवादी पार्टी का धरना बृहस्पतिवार को 45वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कई जनप्रतिनिधियों और दलों ने धरने को समर्थन दिया। धरनारत लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।
ज्ञानपुर को दुर्गागंज से जोड़ने वाले अतिमहत्वपूर्ण मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहे हैं। इस बीच कई बार इस मार्ग को बनवाने की मांग की गई, लेकिन बात नहीं बनी। सपा सरकार में तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव ने इस रोड की सुधि ली थी, लेकिन तब तक उनका मंत्रालय छिन गया। इसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है। सपा के अध्यक्ष बैजनाथ यादव की अगुवाई में सड़क के निर्माण की मांग को लेकर 45वें दिन पूर्व नागमलपुर में धरना शुरू किया गया, जो बृहस्पतिवार तक जारी रहा। इस दौरान एसडीएम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौके पहुंचे और आश्वासन दिया, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि या तो जिलाधिकारी मौके पर आएं या तो तुरंत सड़क निर्माण शुरू कराया जाए। इस बीच भाकपा माले, गोंडवाना, आम आदमी पार्टी आदि दलों ने धरने को समर्थन भी दिया। बृहस्पतिवार को पूर्व सपा विधायक जाहिद बेग ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का मनोबल बढ़ाया। कहा कि सड़क का निर्माण हर हाल में होना चाहिए।