राज्यपाल राम नाइक का 25 अक्टूबर को भदोही कार्यक्रम तय हो गया है। वे 11 बजे से ब्रह्मकुमारीज भवन में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके पूर्व अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एकमा) के कालीन भवन में निर्यातकों को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी ने रविवार की शाम कालीन भवन में एकमा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम पर विचार विमर्श किया।
राज्यपाल के भदोही आगमन की जानकारी होने पर एकमा ने एक सप्ताह पूर्व ही राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर भदोही आगमन पर कालीन भवन में आमंत्रित किया था। एकमा के मानद सचिव पियूष बरनवाल ने बताया कि हस्तकला भदोही की पहचान है भदोही का कालीन निर्यात 10 हजार करोड़ को छू रहा है। ऐसे में महामहिम राज्यपाल हमारे शहर आ रहे हो तो उन्हें भारतीय हस्तकला से परिचय कराना हमारी जिम्मेदारी बनती है। इस बीच आज एकमा के कालीन भवन में जिलाधिकारी ने एकमा पदाधिकारियों को बताया कि राज्यपाल के एकमा के कार्यक्रम में भाग लेने को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। हालांकि अभी प्रोटोकाल आना बाकी है। डीएम और कप्तान सचिंद्र पटेल अपने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ बैठक में पहुंचे और पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। बैठक में गुलाम सर्फुद्दीन अंसारी, शिवसागर तिवारी, रवि पाटोदिया, शमीम आलम लल्लन, अश्फाक अंसारी, शमीम अंसारी आदि रहे।