ज्ञानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने शनिवार को कई पीएचसी और अतिरिक्त पीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान कसियापुर पीएचसी पर ताला बंद पाया गया। इस पर अधीक्षक गोपीगंज और प्रभारी चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। जबकि अतिरिक्त पीएचसी कसियापुर की एएनएम और महजूदा के चिकित्सक के अनुपस्थित रहने के कारण उनका वेतन रोक दिया गया।
सीएमओ ने शनिवार को कसियापुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी तो उपस्थित मिले, लेकिन एएनएम अजंता देवी का हस्ताक्षर कई महीनों से नहीं बना पाया गया। पूछने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि उनकी उपस्थिति गोपीगंज सीएचसी पर लगती है। गोपीगंज अधीक्षक से बात करने पर ज्ञात हुआ कि यहां पर उनकी उपस्थिति नहीं लगती है। इस पर सीएमओ ने एएनएम का जून महीने का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का निर्देश दिया। इसके बाद सीएमओ कसियापुर उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। वहां उपकेंद्र पर ताला लगा मिला। इस पर गोपीगंज अधीक्षक और प्रभारी चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। सुबह 10 बजे सीएमओ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महजूदा पहुंचीं। वहां निरीक्षण के दौरान चिकित्सक अभिषेक नाग अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। सीएमओ के निरीक्षण से अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मची रही।