ज्ञानपुर। महाराज चेतसिंह जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड न होने से नाराज नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि चिकित्सक कमीशनखोरी के चक्कर में सरकारी सुविधाओं का लाभ आम जनता को नहीं देना चाहते। प्राइवेट दुकानों से साठगांठ कर लोगों को परेशान करते हैं।
अशोक दूबे कोको के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सीएमओ को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि शुक्रवार को बच्चे का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां बताया गया कि विशेषज्ञ के अभाव में मशीन नहीं चल रही है। इससे बच्चे का अल्ट्रासाउंड निजी पैथालॉजी पर 300 से 400 रुपये देकर कराना पड़ा। आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की जरूरत के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ा रही है, लेकिन कमीशनखोरी के चक्कर में चिकित्सक आधुनिक उपकरण को चलाने के बजाए बहाना बनाते हैं। सीएमओ से मांग की कि अविलंब अल्ट्रासाउंड समेत अन्य उपकरण चालू किया जाए अन्यथा वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सिद्धार्थ दूबे, अमित सोनकर, अभय, संतोष, रामदेव, ताहिर, असलम, प्रमोद आदि रहे।