ज्ञानपुर। अब पिछड़ा वर्ग के लाभार्थियों को शादी अनुदान के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में बदलाव होने से अब आवेदन ग्रामीण क्षेत्र में सीधे बीडीओ और शहरी क्षेत्र में संबंधित एसडीएम के पोर्टल पर किया जाएगा। शासन ने जिले को वर्ष 19-20 के लिए 389 बेटियों की शादी अनुदान के लिए 77.80 लाख धनराशि दी है।
गरीब परिवार की बेटियों की शादी होने पर सरकार प्रोत्साहन स्वरूप 20-20 हजार रुपये देती है। सामान्य, पिछड़ा और एससी वर्ग के परिवारों को इसका लाभ मिलता है। सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद सामूहिक विवाह का आयोजन होने से कुछ दिनों के लिए योजना को बंद कर दिया गया, हालांकि कुछ दिन बाद योजना फिर से प्रभावी कर दी गई। वर्ष 2019-20 में पिछड़ा वर्ग के गरीब बेटियों की शादी अनुदान के लिए शासन ने 77.80 लाख रुपये भेजा है। बेटियों के अभिभावक को 20 हजार की धनराशि उनके खाते में भेजी जाएगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अजय कुुमार सिंह ने कहा कि नये वित्तीय वर्ष के लिए बजट मुहैया हो गया है। लाभार्थियों का चयन कर योजना का लाभ दिया जाएगा। बताते चलें कि सामूहिक विवाह योजना में बड़ी संख्या में लोग लोकलाज की वजह से शामिल नहीं होते। जिससे सरकार ने इस योजना को भी प्रभावी रखा। किसी तरीके से बेटियों की शादी करने वाले परिवारों को अनुदान के नाम पर 20 हजार की एक सहायता राशि दी जाती है।