ज्ञानपुर। काशी नरेश कृषि संकाय भवन जोरई का बुधवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने निरीक्षण किया। दीवार की पुट्टी सही न होने और सस्ता सामान लगाने पर कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई। एक सप्ताह के अंदर सभी कार्य दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल यूनिट 16 से कहा कि खिड़कियों में मोटे फाइबर जिसमें बाहर एवं अंदर दिखाई दे उसे ही लगाया जाए। कृषि लैब का निरीक्षण करते समय पानी की टोटी खराब क्वालिटी का होने पर नाराजगी जताई। कमरों में एलईडी लाइट की जगह ट्यूब लाइट लगा मिला तो उसे बदलने के लिए कहा। डीएम ने कहा कि शासन से प्राप्त धनराशि का सदुपयोग मानक के अनुरूप किया जाना चाहिए। इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही की जाएगी। जिलाधिकारी ने जो निर्माण कार्य देखा उनमें कमरे, कृषि लैब, बाथरूम आदि के कार्यों को सही कराने के लिए कार्यदायी संस्था के अफसरों से कहा।