भदोही। कोलकाता में डाक्टरों की दुर्व्यवहार के बाद से बंगाल समेत कई राज्यों में चल रहे चिकित्सकों के आंदोलन की आंच भदोही तक पहुंच गई है। कोलकाता के चिकित्सकों के समर्थन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भदोई इकाई ने पूरे 24 घंटे ओपीडी से विरत रहने की घोषणा की है। हालांकि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
अध्यक्ष डा.एके गुप्ता ने कहा कि यह आंदोलन देशव्यापी होगा। इसके तहत 17 जून को प्रात: 6 बजे से अगले दिन प्रात: 6 बजे तक ओपीडी सेवा ठप रखी जाएगी। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं दी जाएंगी। लोगों का आह्वान किया कि गर्मी और चिलचिलाती धूप देखते हुए इस दौरान ओपीडी के लिए न आएं। उधर महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के सीएमएस डा.जयनरेश ने बताया कि इसका राजकीय स्वास्थ्य सेवाओं पर असर नहीं होगा। राजकीय अस्पताल के चिकित्सक अपने समय से मरीजों को सेवाएं देंगे।