ज्ञानपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को सघन दस्त नियंत्रण पखवारा का शुभारंभ हुआ। जिला चिकित्सालय में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने एक नवजात शिशु को ओआरएस घोल पिला कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि डायरिया से होने वाली ज्यादातर मौतें गर्मी और बारिश के सीजन में होती हैं। इसे रोकने के लिए आशा कार्यकर्ता गांवों में जाकर ओआरएस पैकेट और जिंक टैबलेट का वितरण करेंगी। दस्त नियंत्रण पखवारा 28 मई से नौ जून तक चलेगा। बताया कि सभी ब्लॉकों, सीएचसी और पीएचसी पर ओआरएस एवं जिंक कॉर्नर बनाया गया है, जहां से किसी भी समय ओआरएस और जिंक टैबलेट लिया जा सकता है। उन्होंने सीएचसी-पीएचसी प्रभारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक पैमाने पर प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। कहा कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों आदि पर भी बच्चों को हाथ धुलने के तरीके और स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया जाए। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।