ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में 11 और 12 फरवरी को दो दिवसीय विश्वविद्यालय रोवर्स-रेंजर्स समागम का आयोजन होगा। प्राचार्य पीएन डोंगरे ने बताया कि गत दिनों विभिन्न जनपदों में हुई रैली में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें इसमें प्रतिभाग करेंगी।
रैली में पीजी कालेज जगतपुर को वाराणसी, मां खंडवारी देवी पाजी कालेज चहनियां को चंदौली, जीडी बिन्नानी पीजी कालेज को मिर्जापुर, काशी नरेश राजकीय स्नातकोेत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर को भदोही और जनता महाविद्यालय बभनी को सोनभद्र जिले का जनपदीय संयोजक नामित किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि रैली में 10 रोवर्स क्रू, और 10 रेंजर्स टीम में 250 रोवर्स और 250 रेंजर्स प्रतिभाग करेंगें। इस दौरान मार्च पास्ट, ध्वज शिष्टाचार, कलर पार्टी, पासिंग आउट परेड, पायनियरिंग, कैम्पिंग, इकोरेस्टोरेशन, किम्स गेम, सैंड स्टोरी, रोल प्ले, प्राथमिक चिकित्सा, झांकी, पोस्टर, निबंध, क्विज प्रतियोगिताएं होंगी।
स्काउट गाइड ज्ञान, विश्व बंधुत्व, राष्ट्रीय एकता, धर्म निरपेक्षता, सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वासों के विरुद्ध अभियान, वन्य जीवन संरक्षण, जनसंख्या नियंत्रण, सर्व शिक्षा अभियान, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित प्रतियोगिताएं की जायेंगीं। साथ ही भारतीय महापुरुषों और महान भारतीय नारियों से संबंधित रोल प्ले किया जाएगा। कैंप फायर के अंर्तगत सामाजिक विषयों पर आधारित लघु नाटक लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।