भदोही। विकास आयुक्त हस्तशिल्प के अधीन काउंसिल फार हैंडिक्राफ्ट्स डेवलेपमेंट कारपोरेसन के संयोजन में मर्यादपट्टी स्थित कालीन भवन और नगर पालिका प्ररिषद प्रांगण में हस्तकला सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारतीय शिल्पकला को बचाए रखने एवं शिल्पियों के प्रोत्साहन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की चर्चा की गई। एकमा के उपाध्यक्ष हाजी अब्दुल हादी अंसारी ने कहा कि शिल्प कला को बचाने के लिए भारत सरकार द्वारा कारगर कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय कालीन यदि विश्व में प्रसिद्ध हैं तो यह इन शिल्पियों की देन हैं। उन्हें थोड़ा सा प्रोत्साहन देकर इस कला को और ऊंचाईयों तक ले जाया जा सकता है। कहा कि शिल्पियों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रम पहली बार हो रहे हैं। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने भारत सरकार का जमकर बखान किया। कहा कि सरकार प्रधानमंत्री ने बैंकिंग व्यवस्था गरीब से गरीब तक पहुंचाया। उन्हें सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा। यह इसलिए उल्लेखनीय है कि केवल 12 रुपया वार्षिक देकर लोगों का बीमा किया गया जिसमे लोगों को 2-2 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा।
इस मौके पर उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित अन्य योजनाओं पर प्रकाश डाला। जिसमें अटल पेंशन योजना, बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना आदि के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर एकमा उपाध्यक्ष अब्दुल हादी अंसारी और मानद सचिव हाजी शाहिद हुसैन ने अपनी ओर से दो सौ बुनकरों की बीमा प्रिमियन राषि जमा करने की घोषणा की। इस मौके पर हस्तशिल्प सेवा केंद्र वाराणसी के कालीन प्रशिक्षण अधिकारी शेर सिंह, नोडल अधिकारी डा.एसके पांडेय, विनय कुमार सिंह, रामजी त्रिपाठी, अमला शंकर, जयंत देशपांडेय, इफ्तेखार अहमद सिद्दीकी, सैयद वसीम, जावेद खां, मैनुद्दीन खां आदि रहे।