ज्ञानपुर। केंद्रीय संयुक्त सचिव कामरान रिजवी ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्रों को मिलना चाहिए। अपात्रों को किसी भी स्तर पर लाभ न दिया जाए। उन्होंने शौचालय के शत प्रतिशत उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित किया।
ज्ञानपुर के कसिदहां और अभोली के नीबी गांव में आयोजित चौपाल में संयुक्त सचिव ने जन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मनरेगा से ग्राम पंचायतों को मॉडल बनाया जाए। जल संरक्षण के लिए तालाबों और मोरवा नदी पर पौधरोपण कराने के लिए कहा। शौचालय और आवास सत्यापन के दौरान लाभार्थी सीता देवी का प्रधानमंत्री आवास सही मिलने पर खुशी जताई। एससी की लाभार्थी मंजू देवी को आवास एवं मनरेगा से पशु शेड निर्माण के लिए निर्देश दिया। गिरते हुए जल स्तर को बढ़ाने के लिए कसिदहां गांव में स्थापित 22 तालाबों को सुधारने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। मनरेगा से मोरवा नदी में 10 पेकडैम बनाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। सचिव ने नीबी गांव में चौपाल लगाकर योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए और अपात्र किसी भी दशा में लाभ न ले पाएं। भेड़ पालक छोटेलाल पाल को मनरेगा से शेड का निर्माण कराने के लिए कहा। शौचालय का शत-प्रतिशत सदुपयोग करने पर जोर दिया। कहा कि शौचालय का प्रयोग करने से घर में बीमारी नहीं फैलेगी। इसके बाद लाभाथियों से संयुक्त सचिव ने योजनाओं को लेकर संवाद किया। संपर्क मार्ग, खाद्यान वितरण, पशुओं का टीकाकरण, विधवा पेशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, विद्युत, स्वास्थ्य, महिला हेल्पलाइन, आंगनबाड़ी की बिंदुवार समीक्षा की। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने आश्वासन दिया कि सभी कार्य शत प्रतिशत समय से पूर्ण कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जिनको योजना का लाभ नही मिला है उन्हें जागरूक कर लाभ दिया जा रहा है। मौके पर निदेशक मनरेगा आरपी सिंह, सीडीओ हरिशंकर सिंह, बीएसए अमित कुमार, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।