ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान और एफसीआई के धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। डायट में प्रशासनिक अधिकारी बिना सूचना के गायब रहने पर डीएम ने उनका वेतन काटने का निर्देश दिया। क्रय केंद्र पर धान खरीद का जायजा लेने के साथ ही किसानों से उनकी समस्याएं पूछीं।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार दोपहर 12.30 बजे राजकीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद कुमार मिश्रा बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश प्राचार्य को दिया। केंद्र पर खराब पड़े सामान की नीलामी को कहा। डीएम ने वहां मौजूद शिक्षकों और बीटीसी प्रशिक्षुओं को परिसर में सप्ताह में एक बार साफ-सफाई की नसीहत दी। साथ ही कैंपस में लगे पौधों की निगरानी के लिए कहा। इसके बाद डीएम भारतीय खाद्य निगम के धान क्रय केंद्र का जायजा लिया। वहां मौजूद किसान चकबहादुर यादव, कृष्ण कुमार यादव, फौजदार यादव से पूछा कि कोई समस्या हो तो बताएं। इस दौरान तौल की जांच, नमी मापक यंत्र से चेक किया। प्रभारी बृजेश सिंह को हिदायत दी कि किसानों को कोई दिक्कत न हो। इसी तरह विपणण शाखा भदोही के निरीक्षण में किसान अशोक कुमार सिंह, जोखन यादव, विजय शंकर यादव से धान क्रय के बारे में पूछा। डीएम ने सभी धान क्रय केंद्र के प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी तरह की समस्या न आए। इस मौके पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्र मौजूद रहे।