ज्ञानपुर (भदोही)।
बिजली विभाग में गत दिनों एक टेंडर में धांधली को लेकर कई ठेकेदारों ने मंगलवार को अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि अधीक्षण अभियंता ने अपने चहेते ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए मनमानी ढंग से उनके आवेदन को निरस्त कर दिया। ऊर्जा मंत्री और प्रबंधक निदेशक को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। प्रकरण में शासन को पत्र लिखने की मांग की।
पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के समक्ष विरोध में उतरे ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व बिजली विभाग की ओर से निविदा जारी की गई थी। इसमें कई संस्थाओं ने ठेका लेने के लिए आवेदन किया। दो दिन पूर्व अधीक्षण अभियंता बिजली ने चहेती एजेंसी को कार्य देने के लिए दूसरी एजेंसियों के आवेदन को ही निरस्त कर दिया। उनके सभी कागजात दुरुस्त होने के बाद भी विभाग की ओर से पक्षपात भरा निर्णय किया गया। ऊर्जा मंत्री, चेयरमैन शक्ति भवन, मुख्य अभियंता मिर्जापुर और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर प्रकरण की जांच कराने की मांग की। पक्षपात रवैया अपनाने वाले अधिकारी को हटाने की भी मांग की गई। कार्यालय के एक कर्मचारी से बातचीत की सीडी अधिकारियों को भेजी गई। कहा कि जांच न होने पर वह मुख्यमंत्री कार्यालय पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में अनिल मिश्र, राकेश तिवारी, अशोक कुमार दूबे, विजय बिंद, राजेश कुमार, संजय कुमार दूबे, पप्पू सिंह, संजय यादव, विनय सिंह आदि रहे।