ज्ञानपुर (भदोही)।
बिजली की मनमानी कटौती से जिले में हाहाकार मच गया है। सरकार के 24 घंटे बिजली देने के आदेश के बावजूद मनमानी कटौती हो रही है। बृहस्पतिवार को दिन में जिला मुख्यालय पर नौ घंटे बिजली गुल रही। इसमें दोपहर 12 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक लगातार बिजली कटी रही। इससे भीषण गर्मी में हाहाकार मच गया।
भीषण गर्मी और उमस के बीच अघोषित कटौती ने हर वर्ग को परेशान करके रख दिया है। जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती से त्राहि-त्राहि मच गई है। गांवों में मात्र तीन से चार घंटे ही बिजली मिल रही है, जबकि मुख्यालय पर 12 घंटे बमुश्किल आपूर्ति हो पा रही है। बिजली कब कटेगी और कब आएगी, इसको लेकर विभाग भी अनजान बना रहता है। जिले में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर रखने के लिए करीब 30 उपकेंद्र स्थापित हैं, लेकिन ज्यादातर उपकेंद्र जर्जर होने से आए दिन बिजली की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। बारिश न होने से किसान धान की सिंचाई राजकीय नलकूप और पंपिग सेट के सहारे करना चाहते हैं, लेकिन बिजली न रहने से सिंचाई भी बाधित हो रही है। ज्ञानपुर जिला मुख्यालय पर 24 घंटे में मात्र 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। सुबह से लेकर शाम तक और रात में किस्तों में बिजली मिल रही है।
चौरी संवाददाता के अनुसार, इलाके में बिजली आपूर्ति राम भरोसे हो चुका है। दो उपकेंद्र से जुड़े करीब 80 गांवों में तीन से चार घंटे भी ढंग से बिजली नहीं मिल पा रही है। उपकेंद्र से जुड़े आधे गांव में दो घंटे आपूर्ति देने के बाद दूसरे इलाके में बाद में आपूर्ति दी जा रही है। इलाके के विद्यार्थी तिवारी , राघवेंद्र दुबे, अखिलेश सिंह डब्लू शुक्ला,जयप्रकाश दुबे, इम्तियाज अंसारी, अंकित मिश्रा ने बिजली विभाग के अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाया। अवर अभियंता विजय कुमार ने कहा कि जितनी बिजली मिल रही है, उतनी दी जा रही है। महराजगंज संवाददाता के अनुसार, चकापुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की दशा खराब हो चुकी है। तकनीकी खामियों के चलते उपकेंद्र से जुड़े करीब 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो चुकी है। दो से तीन घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। सिंचाई के साथ-साथ कुटीर उद्योग भी प्रभावित हो रहा है।
मेन से ही बिजली नहीं मिल पा रही है। जो बिजली आ रही है उतना लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। एक्सईएन अमर सिंह ने कहा कि मेन लाइन से कटौती के चलते जिले की बिजली बाधित हुई। वहां से आपूर्ति बहाल होते ही बिजली दी जाएगी।
अमर सिंह, अधिशासी अभियंता
टोल फ्री नंबर 1912 बेअसर
ज्ञानपुर। बिजली विभाग का टोल फ्री नंबर 1912 जिले में बेअसर साबित हो रहा है। इस नंबर पर बिजली की शिकायत करने वाले उपभोक्ताओं को खास सहूलियत नहीं मिल पा रही है। संसारापुर के आरटीआई कार्यकर्ता विभूति नारायण दुबे का कहना है कि इस नंबर पर गत 28 वअगस्त को बिजली के संबंध में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद चार बार फोन किया गया, फिर भी हीलाहवाली होती रही।