सुभाषनगर। गोपीगंज थानाक्षेत्र के बड़ागांव मार्ग पर बघेलीपुर गांव में मंगलवार शाम को शराब के नशे में धुत युवक ने जमकर उत्पात मचाया। बोलेरो वाहन में सवार होकर युवक ने सड़क के किनारे खड़े कई वाहनों पर टक्कर मारकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। कई बाइकों पर गाड़ी चढ़ा दी। इससे नाराज गांव के लोगों ने उसे खदेड़ लिया। ग्रामीणों की भीड़ देखकर नशेड़ी युवक अपने मोहल्ले में चला गया। इससे उसे बचाने में दो पक्ष के लोग आमने- सामने हो गए। दोनों पक्षों में हुए पथराव में कई लोग घायल भी हो गए।
सूचना पाकर पहुंची जंगीगंज चौकी के सिपाही युवक को पकड़ कर थाने ले आई। आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर भी पथराव किया गया। पथराव में पुलिस चौकी के एक सिपाही को भी चोटें आईं। उधर, आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे एसओ मनोज पांडेय से आरोपी पर कार्रवाई के आश्वासन देने पर शांत किया। आरोपी का नाम सलमान बताया गया, जो भटान मोहल्ले का निवासी है। सड़क जाम करने की सूचना पर आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी युवक ने शराब के नशे में एक एंबुलेंस में भी टक्कर मार दी। सूचना पाकर मौके पर यूपी-100 पुलिस की कई वाहन पहुंच गए थे। पथराव में घायल हुए लोगों में हिमांशु (चार) पुत्र संदीप मिश्र, संदीप (40), भूपेंद्र (23), मनोज (25), सुनील आदि शामिल हैं। सभी को गोपीगंज में भर्ती कराया गया। हिमांशु की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। सीओ रामकरन ने कहा कि इस मामले में तहरीर का इंतजार है। इस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।