ज्ञानपुर। जिले में बीते 15 अप्रैल को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की 2 मई को होने वाली मतगणना की तैयारी करीब-करीब पूर्ण हो चुकी है। प्रशासन संग ही सभी प्रत्याशियों की नजरें अब केवल मतगणना स्थल पर जाकर टिक गई है। इस क्रम में प्रशासन की ओर से जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों के कुल 14 हजार से अधिक पदों की मतगणना के लिए 15 हजार 200 अभिकर्ताओं को पास जारी किया गया है।
इसके अलावा मतगणना के दिन सुबह आठ बजे से पहले सभी अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। जनपद में जिला पंचायत सदस्य की 26, ग्राम प्रधान की 545, बीडीसी की 650 और ग्राम पंचायत सदस्य की कुल 3350 सीटों के लिए मतदान 15 अप्रैल को संपन्न हुआ था। इसी के साथ ही ग्रामप्रधान की एक, बीडीसी की 11 और ग्राम पंचायत सदस्यों की ढाई हजार से अधिक सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन होना तय हो चुका है। जबकि 500 से अधिक सीटों के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन ही नहीं किया है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से मतगणना को पारदर्शी कराने के लिए सभी प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट का दो दिनों से पास बना रहा है। निर्वाचन विभाग की माने तो विभिन्न सीटों के लिए 15 हजार 200 मतगणना एजेंट का पास बनाया गया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि करीब 15 हजार 200 अभिकर्ताओं को पास जारी किया गया है। दो मई को सुबह आठ बजे के पूर्व सभी अभिकर्ता मतगणना केंद्रंो के अंदर हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर जैसे-जैसे मतगणना की तिथि नजदीक आ रही है वैसे-वैसे प्रत्याशियों की धड़कन भी बढ़ने लगी है। करीब एक पखवारे से जीत-हार को लेकर आश्वस्त प्रत्याशियों का चेहरा भी बदलने लगा है। मतदान के बाद गांवों का आंतरिक सर्वे कराने के बाद कुछ लोग जीत को लेकर आश्वस्त हैं तो कुछ मतदाताओं के झटके से चिंतित है।