ज्ञानपुर। जिले के थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें आई राजस्व और पुलिस विभाग की शिकायतों को निस्तारित किया गया। 71 प्रार्थना पत्रों में केवल सात प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। 64 प्रार्थना पत्र लंबित रह गए। डीएम और एसपी ने ऊंज थाने में लोगों की समस्याएं सुनीं।
शनिवार को दोपहर बाद डीएम राजेंद्र प्रसाद और एसपी राजेश एस अचानक ऊंज थाने पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने घंटे भर से अधिक समय तक थाने में रुककर आने वाली शिकायतों का अवलोकन किया। अधिकारियों के आने से थाने में खलबली मची रही। थाने में सात प्रार्थना पत्रों में तीन का तत्काल निस्तारण किया गया। डीएम और एसपी के निर्देश पर ऊंज गांव में कब्रिस्तान की जगह पर हुए अवैध कब्जे को हटाया गया। इस मौके पर तहसीलदार संजीव यादव, थाना प्रभारी एसएन मिश्रा, कानूनगो प्रवीण कुमार, लेखपाल रमाशंकर यादव, दशरथ यादव, सफदर अली आदि रहे। गोपीगंज कोतवाली में सीओ यादवेंद्र कुमार और एसडीएम अमृता सिंह की देखरेख में समाधान दिवस की समस्याएं सुनी गई। इसी तरह चौरी, कोइरौना, गोपीगंज, ज्ञानपुर, औराई, सुरियावां और दुर्गागंज थानों में प्रार्थना पत्र लेकर लोग पहुंचे। कुल आए 71 प्रार्थना पत्रों में पांच पुलिस विभाग और 66 राजस्व विभाग से जुड़े रहे। जिन शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका, उनके लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को रवाना किया गया। इस दौरान तमाम ऐसे फरियादी भी पहुुंचे, जो लंबे समय से पुलिस और राजस्व कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
लालानगर। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने समाधान दिवस पर गोपीगंज थाने में जनसमस्याएं सुन रहीं ज्ञानपुर एसडीएम अमृता सिंह और सीओ यादवेंद्र यादव को प्रार्थना पत्र देकर नगर में ओवरब्रिज निर्माण के कारण नागरिकों एवं व्यापारियों और स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। कहा कि हाईवे पार करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि एनएचएआई के तानाशाही रवैये के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका बन गई है। मिर्जापुर तिराहा भी बंद कर दिया गया है। इससे सभी लोग झिलिया पुल के समीप अपने वाहनों को पास कर रहे हैं। इसके पूर्व भी कई बार व्यापार मंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाने की मांग की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाने की मांग की। शिष्टमंडल में दिनेश कुमार, उमाशंकर, अभिषेक जायसवाल, श्रवण सेठ, सिराज, मनीष कौशल, गुड्डू चौधरी, चंदर दुआ शामिल रहे।
इसी तरह डीघ ब्लॉक के गुलौरी गांव में ग्राम प्रधान सुरेश यादव समेत दर्जन भर ग्रामीण अपनी समस्या लेकर समाधान दिवस में पहुंचे। एसडीएम और सीओ को पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव की चकरोड पर कुछ मन बढ़ किस्म के लोगों ने बांस की कोट लगा दी है और चकरोड को काटकर खेत में मिला रहे हैं। मना करने पर धमकी दी जाती है। जबकि वह चकरोड गंगा घाट को जोड़ता है। इस मौके पर शेषधर, जगनारायण, विजय नारायन, बाबूलाल, उदय नारायण आदि मौजूद रहे।