ज्ञानपुर (भदोही)।
नवरात्र और मोहर्रम पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने की मुहिम में पुलिस अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लग गई है। अति संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स रखने के साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगहबानी की जाएगी। भदोही और घोसिया पर प्रशासन की ओर से विशेष फोकस किया जाएगा।
आम लोग पर्व शांतिपूर्वक तरीके से मनाने का प्रयास करते हैं, लेकिन जिले के कुछ इलाकों में माहौल खराब करने के लिए शरारती तत्व कुछ न कुछ करने का प्रयास करते हैं। भदोही नगर में पूर्व के वर्षों में सांप्रदायिक घटनाएं हो भी चुकी है। शासन की ओर से कालीन नगरी भदोही को संवेदनशील घोषित किया गया है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर कोई ढील नहीं बरतना चाहती है। प्रतिमा विसर्जन और ताजिया जुलूस पर नजर रखने के लिए इस बार भदोही में दो ड्रोन कैमरे के अलावा 15 सीसीटीवी कैमरे अति संवेदनशील इलाकों में लगाए जाएंगे। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार हो चुका है। भदोही, घोसिया जैसे इलाकों में सुरक्षा का बेहतर प्रबंध किया जा रहा है। अतिरिक्त फोर्स मंगाने के साथ ही तकनीकी के माध्यम से शरारती तत्वों पर नजर रखी जाएगी। जोन और सेक्टर बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जोन एवं सेक्टर सौंपे जाएंगे।