भदोही। नगर के स्टेशन रोड स्थित निर्यात भवन का ट्रांसफार्मर बुधवार को सायं 4 बजे जल जाने से निर्यात भवन के दूकानदारों की बत्ती गुल हो गई। ट्रांसफार्मर खराबी की सूचना पर विद्युत कर्मचारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। हालांकि कहा गया है कि गुरुवार को ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
निर्यात भवन भदोही नगर की लाइफलाइन है। यहां शिपिंग एजेंट्स, कूरियर, बैंक के अलावा एक सौ से अधिक दूकानें हैं। दूकानदारों ने बताया कि सुबह जब वे दूकान खोलने पहुंचे तब बिजली नहीं थी। लोगों ने सामान्य कटौती समझा लेकिन घंटों बाद भी बिजली नहीं आई तो छानबीन करने पर पता चला कि 400 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया है। ट्रांसफार्मर जलने से निर्यात भवन में दिन भर कामकाज ठप रहा। बिजली के अभाव में मोबाइल दूकानदारों और फोटो कापियर दूकानों को भारी दिक्कत हुई। इसके अलावा, निर्यात भवन के जेनरेटरों से दिन भर धूआं निकलता रहा। सूचना मिलने पर दोपहर तक विद्युत कर्मियों ने आकर ट्रांसफार्मर का जायजा लिया और जल जाने की पुष्टि की। इस बाबत टाऊन एसडीओ गोविंद प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल कर दी जाएगी।