लालानगर। गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अब 14 प्रकार की जांच किट से की जाएगी। खून से संबंधित जांच के लिए सीएचसी के लैब में मरीज का सैंपल लिया जाएगा। जांच सरपतहां स्थित 100 शय्या अस्पताल में कराई जाएगी। मरीज को रिपोर्ट अगले दिन मिलेगी। गिर्दबड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हेल्थ एटीएम मशीन भी शनिवार को दुरूस्त कर दी गई। शनिवार को वहां मरीजों की जांच भी की गई।
दरअसल, गोपीगंज सीएचसी पर सीवीसी, सेलेक्ट्रा मशीन खराब थी। डीघ, लालानगर की हेल्थ एटीएम महीनों से बंद है। अब गिर्दबड़गांव के हेल्थ एटीएम मशीन से जांच शुरू हो गई है। पीएचसी प्रभारी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि मशीनों से मरीजों की जांच भी की गई। दूसरी तरफ सीएमओ डॉ. एसके चक के निर्देश पर शनिवार से ही गोपीगंज सीएचसी में 14 प्रकार की जांच किट से शुरू की गई। इसमें सुगर, डेंगू, मलेरिया सहित विभिन्न जांच शामिल है। खून से संबंधित जांच सौ शय्या अस्पताल में होगी। सीएचसी से सैंपल लेकर जांच के लिए 100 बेड के अस्पताल भेजा जाएगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी स्वप्निल सिंह ने बताया कि शनिवार को केंद्र पर सभी चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक की गई। निर्देशित किया गया बाहर की जांच नहीं लिखी जानी चाहिए। डीघ, लालानगर की मशीन जल्दी ही दुरुस्त की जाएगी।