गोपीगंज। औराई ब्लॉक के नरऊर गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर बुधवार का पारंपरिक चांचड़ मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पवन पुत्र के अलौकिक शृंगार के बाद कतारबद्घ होकर दर्शन-पूजन किया। जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा।
होली के बाद हनुमान मंदिर पर चाचड़ मेला का आयोजन मंदिर परिसर स्थित बगीचे में संपन्न होता आ रहा है। रंग बिरंगे व सुगंधित पुष्पों से हनुमान जी का भव्य शृंगार किया गया। मेले में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही महिला-पुरुष के साथ बच्चों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर बाद से मेले का विहंगम दृश्य नजर आने लगा। मंदिर के पुजारी पं. दीनानाथ शुक्ल के नेतृत्व में आरती-पूजन संपन्न कराया गया। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीत गायक दिनेश सिंह, छक्कन विश्वकर्मा, रामसेवक दुबे ने साथी कलाकारों के साथ एक से बढ़कर एक बेलवरिया होली गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। मेले में सजी दुकानों पर पहुंचकर मेलार्थी खरीदारी भी करते रहे। मेले को सकुशल संपन्न कराने में अन्नू शुक्ल, दिलीप कुमार, मुकुंद दुबे अनुज मिश्र आदि का सराहनीय योगदान रहा।