ज्ञानपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी जिला इकाई की बैठक में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 14 फरवरी को सांसद आदर्श गांवों की पोल खोलो अभियान को सफल बनाने पर मंत्रणा की गई। इसके साथ ही आगामी चुनाव में गठबंधन की जीत के लिए जन-जन तक सपा के संदेश को पहुंचाने की बात कही गई।
जिलाध्यक्ष मो. आरिफ सिद्दीकी ने कहा कि 2014 से लेकर 2018 तक चार साल में भाजपा सांसद की ओर से तीन गांवों को गोद लिया गया, लेकिन एक भी गांव का समुचित विकास नहीं हो सका। भाजपा सरकार में काम कम जुमलेबाजी अधिक हो रही है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 14 फरवरी को आदर्श गांव कौलापुर और कैड़ा में सपा के लोग पहुंचकर वहां के विकास और बुनियादी सुविधाओं को देखेंगे। उसके बाद जनता के बीच जाकर विकास की पोल खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। चुनाव से पहले घोषणाएं कर जनता को बरगलाया जा रहा है। इस मौके पर रामजश यादव, संतोष यादव, लालचंद्र बिंद, नान्हक, डबलू सिंह, जितेंद्र यादव, रमेश यादव दद्दा, विनोद, सुरेश, वजीर, धर्मेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।