ज्ञानपुर। सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर का 30वां वार्षिकोत्सव बुुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंगा कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही गीत-संगीत और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने दीर्घा में मौजूद छात्रों, अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने छात्र-छात्राओं को उत्साह बढ़ाया। इससे दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद एसपी ने कहा कि पढ़ाई-लिखाई के साथ अतिरिक्त गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। लेकिन, नजर हमेशा अपने गोल पर रखनी चाहिए। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। परी डांस और शास्त्रीय नृत्यों पर आधारित प्रस्तुतियां खास आकर्षण रहीं। इस मौके पर विद्यालय के संस्थापक और निदेशक केवी अब्राहम बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहे। सेंट थॉमस स्कूल के प्रशासक सैम अब्राहम और प्रिंसिपल पॉलसन फिलिप समेत लगभग सभी शाखाओं के प्रिंसिपल मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान परिसर में तकरीबन साढ़े तीन हजार छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्राएं रिचा मिश्रा, आयुषी जायसवाल और ईशा श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन रश्मि श्रीवास्तव ने किया।